अमेठी सिटी। 12460 में चयनित व जनवरी में नियुक्ति पत्र मिलने के बाद स्कूल आवंटन की राह देख कर 245 शिक्षकों की मुराद पूरी होने जा रही है। गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज में शुक्रवार व शनिवार को पदस्थापना की कार्यवाही पूरी होगी। बेसिक शिक्षा विभाग नियमानुसार आनॅलाइन स्कूल आवंटित करने की तैयारियां पूरी करने में जुटा है। शिक्षकों के स्कूल आवंटित होने से परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग में वर्ष 2018 में 12,460 भर्ती में जिले के चयनित 245 शिक्षकों को लंबे इंतजार के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 25 जनवरी को नियुक्ति पत्र मिला। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल आवंटन तैनाती पर रोक लगा दी थी। मामले का निस्तारण होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने छह माह बाद स्कूलों में तैनाती का आदेश दिया है।
शासन ने शिक्षकों से ऑनलाइन स्कूल चयन करने के लिए तिथि निर्धारित की है। विभाग ने इन शिक्षकों को ऐसे स्कूलों में तैनात करने का फैसला लिया है जिनमें बच्चों के अनुपात में शिक्षकों की कमी है। ऐसे स्कूलों का चयन करके ऑनलाइन कर दिया गया है।
शिक्षक ऑनलाइन ही स्कूल का चयन करेंगे और स्कूल पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। शासन का निर्देश मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग शुक्रवार व शनिवार को गौरीगंज के रणजंय इंटर कॉलेज में पदस्थापना के साथ स्कूल आवंटन की कार्यवाही नियमानुसार पूरी करने की तैयारियां पूरी करने में जुटा है।
28 जून को आठ दिव्यांग महिला शिक्षक, सात दिव्यांग पुरुष शिक्षक और 136 महिला शिक्षकों को स्कूल आवंटित किया जाएगा। इसी तरह 29 जून शनिवार को 94 पुरुष शिक्षकों को स्कूल आवंटन किया जाएगा। पदस्थापना में नियमानुसार स्कूल आवंटन करने के बाद कार्यभार ग्रहण कराते हुए एक जुलाई से शिक्षण कार्य शुरू करवाया जाएगा। 245 शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद शिक्षकों की कमी दूर होगी तो शिक्षण कार्य भी बेहतर होगा।
28 से 29 जून के मध्य शिक्षक रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज पहुंचकर ऑनलाइन स्कूल का चयन कर सकते हैं। स्कूल आवंटन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। स्कूल आवंटन के बाद कार्यभार ग्रहण करवाते हुए शिक्षण कार्य को गति दिलाई जाएगी।
-संजय कुमार तिवारी, बीएसए