अमेठी सिटी। टिकरा-बैजनाथ से लालगंज तक जाने वाले 13.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए शासन ने 17.73 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। बजट स्वीकृत होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सड़क बनने के बाद पांच वर्ष तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी विभाग के पास रहेगी।
यह मार्ग लखनऊ-वाराणसी हाईवे से जुड़ते हुए टिकरा बैजनाथ, कस्थुनी पूरब, करपिया, औरंगाबाद, पूरे जोरई, जाखा शिवपुर, पूरे काजिम अली, लालगंज चौराहा, पूरे परवानी, दादरा, रंजीतपुर और दुवरिया समेत कई गांवों को जोड़ता है। फिलहाल सड़क संकरी होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से काफी राहत मिलेगी। टिकरा बैजनाथ के मनोज पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ी होने से विद्यालय और बाजार तक पहुंचना आसान होगा। करपिया के रामबाबू मिश्र ने कहा कि किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में सुविधा मिलेगी। लालगंज चौराहा की ममता सिंह के अनुसार बरसात के मौसम में कीचड़ और गड्ढों से राहत मिलेगी। जाखा शिवपुर के रामनरेश ने बताया कि सड़क बेहतर होने से एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं की आवाजाही भी तेज हो सकेगी।
तय समय में पूरा होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन करेगा। निर्धारित समय में सड़क का निर्माण पूरा करने का प्रयास रहेगा। सड़क बनने से आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।