जामों के गौरा में पैदल मार्च निकालते पुलिस कर्मी। स्रोत: ग्रामीण
अमेठी सिटी। बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले की 112 ईदगाहों में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। इसके अलावा 54 स्थानों पर कुर्बानी की तैयारी की गई है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिले को चार जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
इन्हौंना, मुसाफिरखाना, जायस और जगदीशपुर को संवेदनशील मानते हुए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरे से निगरानी की व्यवस्था की गई है। बाजारशुकुल, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, जायस और इन्हौंना में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। सभी प्रमुख स्थानों पर फायर टेंडर और स्थानीय थानों की फोर्स भी मौजूद रहेगी।
बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था लगातार मॉनिटर की जा रही है।