अमेठी सिटी। दहेज में सड़क किनारे स्थित जमीन और एसयूवी देने की मांग पूरी न करने पर पति ने विवाहिता की पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की याचिका पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की कोर्ट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का आदेश कमरौली थाना प्रभारी को दिया है।
कमरौली के जाफरगंज निवासी साइमा बानो के मुताबिक, उनकी शादी 12 नवंबर 2021 को सिंदुरवा गांव निवासी अरशद के साथ हुई थी। उनका एक पुत्र भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुरालीजन उन्हें प्रताड़ित करते रहे। बीते 13 अगस्त को ससुरालीजनों ने उनके पिता के नाम सड़क किनारे स्थित जमीन और एसयूवी अपने नाम कराने का दबाव बनाया। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से भी की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण उन्हें अदालत की शरण में आना पड़ा। (संवाद)