अमेठी सिटी। मौसम भले ही साफ हो गया है, लेकिन ट्रेनों के विलंब से संचालित होने का सिलसिला समाप्त नहीं हो रहा है। शनिवार को अप व डाउन जनता एक्सप्रेस और राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस निरस्त रही तो लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन विलंब से हुआ। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर वाराणसी-देहरादून के बीच प्रतिदिन अप व डाउन में संचालित जनता एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रही। ट्रेन के निरस्त होने से मुरादाबाद, हरिद्वार, देहरादून सहित अन्य स्टेशनों के यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। कुछ लोग मजबूरी में हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल से भीड़ के बीच गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके अतिरिक्त राजेंद्रनगर से जम्मूतवी जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस भी शनिवार को निरस्त रही।
लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर दो घंटे देरी से गौरीगंज आई। ऐसे में प्रयागराज संगम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ी। इसी तरह पुरी-दिल्ली, पंजाब मेल एक-एक घंटा तो भोपाल-प्रतापगढ़ चार घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस, पंजाब मेल, आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी दो घंटे देरी से गौरीगंज आईं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अप व डाउन जनता एक्सप्रेस और अप अर्चना एक्सप्रेस जारी आदेश के क्रम में निरस्त रही तो कोहरे के कारण अन्य ट्रेनों का परिचालन विलंब से हुआ है। यात्रियों को समय-समय पर ट्रेन से जुड़ी जानकारी अपडेट की जा रही है।