अमेठी। जिले के अलग अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में बुजुर्ग सहित तीन लोगों की मौत हो गई। परिजनों की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करने की बात कही। घटना एक- मार्निंग वॉक के लिए निकले बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने मारी टक्करफोटो-39
शाहगढ़। मुंशीगंज थाने के तरसड़ा गांव निवासी इंद्र मोहन शुक्ल (68) शनिवार सुबह टहलने मुंशीगंज-अमेठी मार्ग पर गए थे। मार्ग पर सरायखेमा के पास स्थित महावीरन मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल इंद्रमोहन को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी भानमती, पुत्र संजीव कुमार व नाती विशाल का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसएचओ अंखड देव मिश्र ने बताया कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से वाहन के पहचान की कोशिश हो रही है।
घटना दो- सड़क किनारे खेल रही बच्ची को ऑटो ने मारी टक्कर
जगदीशपुर। कमरौली थाने के जाफरगंज निवासी समीर की चार वर्षीय पुत्री जासमीन शनिवार को उतेलवा जगदीशपुर मार्ग पर घर के सामने खेल रही थी। तभी ऑटो ने टक्कर मार दी। घायल जासमीन को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने सीएचसी से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पर उसकी मौत हो गई। मां परवीन बानो का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी एसओ रवींद्र कुमार ने बताया कि परिजन तहरीर देते हैं तो केस दर्ज वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना तीन- पैदल जा रही महिला को वाहन ने मारी टक्कर
अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के गांव कटरा मजरे कसारा निवासी शिवकुमारी (54) शनिवार को अपने रिश्तेदार पूरे पांडेय मजरे गोरखापुर के यहां पैदल निमंत्रण में जा रही थी। रास्ते में पातीपुर पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में शिवकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल शिवकुमारी को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्र राम सजीवन ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध मामले की तहरीर थाने में दी है। प्रभारी निरीक्षक श्री राम ने बताया कि अज्ञात वाहन के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।