गौरीगंज (अमेठी)। कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के बाद लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती अमेठी के एक प्रौढ़ की बृहस्पतिवार देर शाम तो अंबेडकर नगर के लेवल-2 अस्पताल में भर्ती एक प्रौढ़ व केजीएमयू लखनऊ में भर्ती 12 वर्षीय बालिका की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। कोविड-19 से हुई इन तीन मौतों के बाद जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा नौ हो गया है। मरीजों की संख्या के साथ जिले में मौत की संख्या में इजाफा होने से प्रशासनिक अमले में हड़कंप है।
जिले में कोरोना मरीजों के साथ मौतों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। भादर ब्लॉक के भादर गांव निवासी श्यामलाल 28 अगस्त को इलाज कराने प्रतापगढ़ गए थे। जहां हुई एंटीजन जांच में वे पॉजिटिव पाए गए। प्रतापगढ़ से पॉजिटिव की सूचना अमेठी जिला प्रशासन को दी गई जिसके बाद उन्हें एल-2 अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती करा दिया गया।
इलाज के दौरान उनकी शुक्रवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई। जगदीशपुर ब्लॉक के जगदीशपुर निवासी साहिबा (12) की तबीयत खराब होने पर परिवारीजन उसे 31 अगस्त को केजीएमयू लखनऊ ले गए जहां चिकित्सकों ने उसकी सैंपलिंग कराकर जांच के लिए भेजा। तीन सितंबर को जांच रिपोर्ट में साहिबा पॉजिटिव मिली। रिपोर्ट मिलने के बाद साहिबा को कोरोना वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
इसी तरह जगदीशपुर ब्लॉक क्षेत्र के इंडोगल्फ फर्टिलाइजर फैक्ट्री में कार्यरत रमेश कुमार चौधरी (55) की तबीयत खराब होने पर परिवारीजनों ने उन्हें इंडोगल्फ अस्पताल में भर्ती कराया था। एक सितंबर को उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर सीएचसी जगदीशपुर में उनका एंटीजन टेस्ट कराया तो वे पॉजिटिव मिले।
तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को रमेश की मौत हो गई। तीनों मौतों की सूचना मिलते ही प्रशासन ने आननफानन इसकी जानकारी उनके परिवारीजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवारीजन संबंधित अस्पताल के लिए रवाना हो गए।