बाजारशुकुल (अमेठी)। चोरी की कोशिश और विरोध करने पर ग्रामीणों से मारपीट करने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार को भंडाफोड़ कर दिया। मौके से तीन आरोपियों को दबोचा गया, जबकि चार भाग निकले। ग्रामीणों की ओर से बदमाशों की घेराबंदी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अमर उजाला ने वीडियो की पुष्टि नहीं की है। वहीं पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई होने का दावा किया।
रविवार को एक गांव में चोरी करने की नीयत से कार से आए सात लोगों को ग्रामीणों ने घेर लिया। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया, बाकी भाग निकले। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहनगंज के मिर्जागढ़ गांव के शैलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजा, अमन शर्मा और जगदीशपुर के खैरातपुर गांव के फईम शामिल हैं। जबकि हरपालपुर के राहुल सिंह उर्फ शिवांश प्रताप सिंह, खैरातपुर के आकिब, बख्तवर नगर के आरिफ और आजाद मौके से भाग निकले। इनकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चाकू और तीन लोहे की रॉड बरामद हुईं। ये सभी चोरी के लिए एक ही गांव पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता ने योजना को विफल कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों का चालान न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।