गौरीगंज (अमेठी)। मोहनगंज व एसटीएफ टीम ने दो ट्रकों पर लाई जा रही करीब 1.15 करोड़ की अंग्रेजी शराब के साथ तीन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पंजाब प्रांत में बिकने वाली विभिन्न ब्रांड की 827 पेटियों में 7,328 लीटर शराब बरामद हुई।
होली त्यौहार के दौरान अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए जिले के साथ ही एसटीएफ टीम सक्रिय है। मुखबिर ने शनिवार को एसटीएफ इकाई को बड़ी मात्रा में पंजाब प्रांत से शराब की खेप अमेठी जिले के रास्ते लेकर निकलने की सूचना दी।
सूचना पर सक्रिय एसटीएफ के उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ अमेठी पहुंचकर मोहनगंज प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के साथ थाना क्षेत्र के राजामऊ के समीप पहुंच गए। इस बीच राजामऊ पुल के पास आ रही ट्रक संख्या पीबी-13 बीडी 6977 व ट्रक संख्या यूपी-12 एटी 2058 को बैरियर लगाकर रोक लिया।
पुलिस ने दोनों ट्रक पर सवार पंजाब प्रांत के गांव पट्टी नवानरिया मोगा निवासी लखविंदर सिंह, पंजाब प्रांत के ही लुधियाना के थाना कुमकला के गांव फादेपाल सलेमपुर निवासी जगदीश सिंह व राजस्थान के जिला श्रीगंगानगर के गांव लालगढ़ निवासी पिंपल सिंह को सबसे पहले अपनी हिरासत में ले लिया।
तलाशी से वाहन संख्या पीबी 13 बीडी 6977 अशोक लीलैंड से विभिन्न ब्रांड की 391 पेटियों में कुल 3,458 लीटर अंग्रेजी शराब व वाहन संख्या यूपी 12 एटी 2058 टाटा कंटेनर से विभिन्न ब्रांड की 436 पेटियों में कुल 3870 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। दोनों ट्रकों से कुल 827 पेटियों से 7,328 लीटर शराब बरामद हुई।
अशोक लीलैंड चालक लखविंदर सिंह व टाटा कैंटेनर चालक पिंपल सिंह से शराब के कागज मांगने पर नहीं दिखा सके। पूछताछ में दोनों पंजाब प्रांत से लदी हुई अवैध अंग्रेजी शराब को रायबरेली, मोहनगंज व जगदीशपुर के रास्ते बिहार प्रांत में विक्रय के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने खुलासा करते हुए बताया कि मैक डावल नंबर-एक, ब्लू ब्लैक क्लासिक व्हिस्की, नेवी ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर दोनों वाहन सीज कर दिए गए हैं। एसपी ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।