गौरीगंज (अमेठी)। एसओजी व पीपरपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह तीन अंतर्जनपदीय मादक पदार्थ तस्करों को धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों के पास से पुलिस को 34 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोपहर बाद मीडिया से मुखातिब एसपी ने तस्करी की घटना का अनावरण करते हुए बताया कि जिले में मादक पदार्थ व निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा।
जिले में अपराध नियंत्रण के साथ मादक पदार्थ निर्माण व बिक्री रोकने के लिए पुलिस इन दिनों नशा मुक्ति अभियान संचालित कर रही है। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर सक्रिय एसओजी प्रभारी विनोद यादव व पीपरपुर एसओ प्रवीण सिंह ने दल-बल के साथ छिवरहा नहर पुल पर बाइक सवार तीन संदिग्धों को धर दबोचा।
पकड़े गए संदिग्धों की पहचान प्रतापगढ़ के लालगंज निवासी राकेश कुमार मिश्र, अंतू निवासी हितेंद्र सिंह व सुल्तानपुर के कोतवाली देहात निवासी जगन्नाथ के रूप में हुई। पकड़े गए तीनों तस्कर की निशानदेही पर पुलिस ने 34 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने बरामद गांजे को सील कर तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही में जुटी है। दोपहर बाद मीडिया से मुखातिब एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ निर्माण व बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।