गौरीगंज (अमेठी)। थाना क्षेत्र के लोदी बाबा पुल के समीप रविवार को बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा सटाकर एक राहगीर से 3,200 रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया था। सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार देर शाम तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया मोबाइल, नगदी व तमंचा बरामद किया है।
थाना क्षेत्र स्थित टांडा-बांदा राष्ट्रीय राज मार्ग पर दो अगस्त को थाना क्षेत्र के ऋतिक मिश्रा गौरीगंज बाजार से वापस घर जा रहे थे। लोदी बाबा पुल के समीप पहुंचे बाइक सवार बदमाश उनकी कनपटी कर तमंचा सटाकर उनका मोबाइल व 3,200 रुपये की नगदी लूट कर भाग गए थे। पीड़ित की सूचना पर पहुंची गौरीगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
तलाश में जुटी गौरीगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार शाम करीब सात बजे थाना क्षेत्र के बरना टीकर स्थित एक चाय की दुकान से तीन आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तमंचा दो कारतूस, दो चाकू तथा लूट के 2,100 रुपये व मोबाइल बरामद हुआ।
पकड़े गए लोगों की पहचान थाना मोहनगंज के गांव तिलोई निवासी मो. समीर व मो. इरशाद तथा इसी थाने के गांव राजामऊ निवासी मो. शमीम के रूप में हुई। पुलिस दोनों के खिलाफ लूट के मामले में विधिक कार्रवाई करने में जुटी है।