पकड़े गए व्यापारी पर फायरिंग करने के आरोपी
अमेठी सिटी। रामगंज बाजार में दुकान बंद कर हाईवे के दूसरे छोर स्थित घर जा रहे व्यापारी से लूट की कोशिश करने के साथ फायरिंग के फरार दोनों आरोपी को शुक्रवार को नहर पटरी कुरंग पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, पिस्टल व तमंचा बरामद किया।
रामगंज निवासी व्यवसायी खेमन अग्रहरि बृहस्पतिवार रात को प्रतिष्ठान बंद कर एक लाख 40 हजार रुपये कैश बैग में रखकर ले जा रहे थे। तभी बाइक सवार तीन युवकों ने लूट करने की कोशिश की। व्यापारी ने घटना के बाद वीडियो बयान जारी कर आरोप लगाया था कि लूट की कोशिश विफल होने पर बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग भी की, लेकिन गोली नहीं लगने से बच गए।
इसी बीच लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया तो दो मौके से फरार हो गए। शुक्रवार को पुलिस ने नहर पटरी कुरंग पुलिया के पास फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बस्ती जिले के छावनी थाने के कुंडा कुंअर गांव निवासी आदित्य सिंह, सुल्तानपुर जिले के कोतवाली नगर थाने के विनोवापुरी निवासी अभय यादव व विशेष पांडेय के रूप में हुई।
एसओ अजयेंद्र पटेल ने बताया कि घटना में शामिल आदित्य सिंह के ऊपर कादीपुर थाने में हत्या व हत्या के प्रयास का दो मामला दर्ज है। जबकि अन्य पर कोई केस दर्ज होने की जानकारी अब तक नहीं हुई है। तीनों ने व्यापारी से लूट करने के इरादे से घटना कारित करने की बात स्वीकार की है।
दर्ज मामले में जान लेवा हमले की धारा नहीं
रामगंज थाने के व्यापारी खेमन अग्रहरि से बृहस्पतिवार रात लूट की कोशिश व फायरिंग करने के मामले में पुलिस की मनमानी एक बार फिर चर्चा में आ गई। घटना के बाद व्यापारी ने बयान जारी कर पिस्टल से फायर करने तो गोली नहीं लगने से स्वयं के सुरक्षित होने की बात कही थी। तहरीर में पिस्टल पेट से लगाकर बैग लूटने की बात कही है। पुलिस ने जान लेवा हमला की धारा केस में नहीं दर्ज किया। दर्ज मामले में जान लेवा हमले की धारा नहीं होना लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है। एसओ ने बताया कि व्यापारी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार केस दर्ज किया गया है।