जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के इटरौर गांव में एक अप्रैल को तेज गति से कार चलाने से उड़ रही धूल का विरोध करने पर इरफान को गोली मारकर घायल करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और तमंचा भी बरामद किया। तीनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस मामले में शामिल अन्य दो अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।
एक अप्रैल की रात इटरौर गांव निवासी शादाब तेज गति से अपनी कार चला रहे थे, जिससे उनकी कार के गुजरने पर उड़ती धूल से इरफान नाराज हो गए। इस पर इरफान ने शादाब को टोका। गुस्साए शादाब ने अपने साथियों मुजीब, दिलदार, कामरान और रिश्तेदार एजाज के साथ मिलकर इरफान की लाठी-डंडों से पिटाई की और बाद में शादाब और एक अन्य साथी ने तमंचे से फायर कर इरफान को घायल कर दिया।
इस मामले में इरफान के भाई मुमताज की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों एजाज और शमीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने शनिवार को मुजीब, दिलदार और कामरान को गिरफ्तार किया, जो कार से भागने की योजना बना रहे थे। इनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, तमंचा और कई कारतूस बरामद किए।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त दिलदार ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इरफान पर गोली चलाई थी। इन तीनों को कोर्ट में पेश कर शादाब और दिलावर की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।