अमेठी। कस्बे में बृहस्पतिवार को वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दूल्हे के पिता से नकदी भरा बैग छीनने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 47,400 रुपये, हैंडबैग, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार की। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
संग्रामपुर के तिवारीपुर करनाईपुर गांव निवासी पूर्व शासकीय अधिवक्ता रंगनाथ मिश्र के पुत्र का विवाह समारोह बृहस्पतिवार रात कस्बे के एक मैरिज लॉन में आयोजित था। समारोह के दौरान दूल्हे के पिता के पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि जांच में लोनियापुर निवासी सिराजुद्दीन उर्फ लकी की पहचान हुई।
वारदात के बाद बाइक से भागने में तुलापुर कोडरी मजरे नुवांवा निवासी सचिन कुमार चौहान और लोनियापुर निवासी धीरज की भूमिका सामने आई। तीनों की तलाश जारी थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ककवा मार्ग स्थित अंडरपास के पास मौजूद हैं। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरात में शामिल होकर मौके की तलाश में थे। सिराजुद्दीन ने भीड़ का लाभ उठाकर दूल्हे के पिता को धक्का दिया और बैग छीन लिया। बाहर खड़े साथी बाइक के साथ तैयार थे। बैग मिलते ही तीनों वहां से निकल गए।