अमेठी सिटी। जामों क्षेत्र के पूरे नाथ पंडित मजरे अहद गांव में युवक की पिटाई के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ई रिक्शा की बैटरी चोरी के संदेह में की गई पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। आरोपियों की निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त डंडे भी बरामद किए गए हैं।
मंगलवार रात पूरे नाथ पंडित मजरे अहद गांव निवासी राहुल पांडेय को चोरी के झूठे आरोप में तीन लोगों ने पीटा था। पीड़ित के भाई शिवसागर पांडेय की तहरीर पर जामों पुलिस ने दखिनावारा गांव निवासी सुभाष त्रिपाठी, दमन का पुरवा निवासी हनुमान प्रसाद और जगदीशपुर के मछरिया निवासी अर्पित मिश्रा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।
जामों इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उन्होंने मारपीट की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर दखिनावारा गांव के पास बबूल की झाड़ियों से दो डंडे बरामद किए गए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।