फुरसतगंज कस्बे स्थित ईदगाह में ईद की नमाज अदा करते लोग। -संवाद
अमेठी सिटी। ईद-उल-फितर का पर्व सोमवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हजारों लोगों ने ईदगाह पर अपने पारंपरिक परिधान कुर्ता-पाजामा और सफेद टोपी धारण करके नमाज अदा की। अल्लाह की बारगाह में लोगों ने सजदा किया। मुल्क में अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ मांगी गई।
एक महीने तक रोजे रख इबादत करने के बाद सोमवार सुबह से ही ईद की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय में उत्साह था। अमेठी के जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना साजिद रजा ने बताया कि सात बजकर 45 मिनट पर जामा मस्जिद पर ईद की नमाज अदा कराई। गौरीगंज में स्थित रजा मस्जिद में सुबह आठ बजे, जामा मस्जिद में सुबह 8.30 बजे और ईदगाह मस्जिद में सुबह नौ बजे ईद की नमाज अदा की गई। इसके अतिरिक्त जायस, सेमरौता, इन्हौना, रामगंज, लालीपुर सहित जिले में 101 मस्जिद और 112 ईदगाह में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई।
ईद की नमाज के दौरान विशेष दुआओं में सभी की सुख समृद्धि, शांति, खुशहाली और चैन-सुकुन की जिंदगी अल्लाह से मांगी गई है। नमाज के बाद लोग गिले शिकवे मिटाकर एक-दूसरे के गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। अन्य समुदायों के लोगों ने भी मुस्लिम भाइयों को ईद की मुबारक दी। छोटे बच्चे भी बड़ों से ईद की ईदी लेना नहीं भूले। बड़ों ने उन्हें ईदी के रुपये दिए। इस दौरान सुरक्षा का समुचित प्रबंध रहा। गौरीगंज में विधायक राकेश प्रताप सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों ने लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई। जायस कस्बे में डीएम निशा अनंत व एसपी अपर्णा रजत कौशिक फोर्स संग मौजूद रहीं तो अन्य स्थानों में नामित मजिस्ट्रेट फोर्स के निगरानी करते रहे।