अमेठी सिटी। इस्रायल जाकर लाखों की कमाई करने की हसरत लिए जिले के 41 श्रमिकों ने नौकरी का टेस्ट पास कर लिया है। इसमें दो श्रमिक एक अप्रैल को तो तीसरे श्रमिक ने मंगलवार को इस्रायल के लिए उड़ान भरी है। वहीं अन्य श्रमिक फ्लाइट टिकट में खर्च होने वाली धनराशि की व्यवस्था में जुटे हैं।
इस्रायल जाकर नौकरी करने का सपना पाले श्रमिकों को हर महीने 1.37 लाख रुपये की धनराशि वेतन के रूप में मिलेगी। जहां रहने का बंदोबस्त भी कंपनी की ओर से कर दिया जाएगा, लेकिन खाने का खर्च श्रमिक को खुद वहन करना होगा। इस्रायल जाने से पहले फ्लाइट टिकट व अन्य खर्च के रूप में 66,800 रुपये धनराशि का वहन श्रमिक को खुद करना है।
सहायक श्रम आयुक्त गोविंद यादव ने बताया कि मुसाफिरखाना निवासी दिलीप पुत्र स्वामीनाथ ने तीसरे यात्री के रूप में उड़ान भरी है। इससे पहले बाजार शुकुल क्षेत्र के इक्काताजपुर निवासी जय सिंह व सिंहपुर क्षेत्र के चिलौली निवासी अतुल कुमार शुक्ला इस्रायल पहुंच चुके हैं। इसके बाद 16 अप्रैल को चौथे श्रमिक को फ्लाइट से इस्रायल के लिए निकलना है।
इन कार्यों के लिए मांगे आवेदन
सहायक श्रमायुक्त गोविंद यादव ने बताया कि इस्राइल में काम करने के लिए 21 से 45 वर्ष उम्र के श्रमिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए, जो सेरेमिक टाइल लगाने, प्लास्टरिंग वर्क, फ्रेमवर्क शटरिंग कारपेंटर, आयरन वेंडिंग का कार्य करने में कुशल हों। दो से तीन साल का अनुभव भी श्रमिकों के लिए मांगा गया।