परतोष : अस्पताल में भर्ती चोरों द्वारा दिए गए नशे के इंजेक्शन से बेहोश किशोरी। -संवाद
- फोटो : AMETHI
परतोष (अमेठी)। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के टिकरी चौराहे पर बुधवार रात चोरों ने एक घर में चोरी का नया तरीका निकाला। चोरों ने बाधक बन रही युवती को बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर इत्मिनान से घर खंगाला। सूचना पर पहुुंची पुलिस युवकी को सीएचसी पहुंचाने के बाद मामले की छानबीन में जुटी है।
रामापुर मजरे पीपरपुर (टिकरी चौराहा) निवासी रामलाल के घर बुधवार रात छत के रास्ते तीन चोर घुस आए। चोर जब एक कमरे में घुसे तो उसमें रामलाल की पुत्री कल्पना अग्रहरि (18) सो रही थी। खटपट की आवाज सुनाई पड़ी तो उसकी नींद टूट गई। उसने देखा चोर कमरे में रखे बक्शा का ताला तोड़ रहे थे। चोरों को ताला तोड़ता देख उसने शोर मचाने की कोशिश की। इसी बीच चोरों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे मारा पीट उसे बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया। युवती के बेहोश होने के बाद चोर करीब चार लाख रुपये कीमत के आभूषण व नगदी लेकर फरार हो गए।
परिवार वालों को मामले की जानकारी सुबह तब हुई जब वे सोकर उठे। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को सीएचसी भेजवाया जहां उपचार के बाद उसे होश आया। बुधवार की ही रात टिकरी चौराहे से टिकरी गांव मार्ग किनारे स्थित शिव प्रकाश अग्रहरि के किराना की दुकान में भी चोर घुसे लेकिन यहां वे सफल नहीं हो सके। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।