बाजारशुकुल (अमेठी)। क्षेत्र में अलग-अलग गांवों में हुईं चोरी की वारदातों का रविवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बाजारशुकुल पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बोलेरो, चार मोटरसाइकिलें, चांदी के जेवर, बर्तन, एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और 31,200 रुपये बरामद हुए हैं।
स्वाट टीम प्रभारी अनूप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि ऊंचगांव टोल प्लाजा के पास हुसैनपुर गांव के समीप बाग में कुछ लोग बोलेरो व बाइक के साथ मौजूद हैं। इसके बाद बाजारशुकुल पुलिस के साथ मौके पर पहुंची स्वाट टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अयोध्या निवासी वकील उर्फ सेनापति, चांद मोहम्मद, शिवदर्शन कुमार, रामराज पांडेय और सुल्तानपुर निवासी रामू व नासिर हुसैन के रूप में हुई है। इनमें गिरोह का सरगना वकील उर्फ सेनापति है, जिसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में 26 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी चोरों का आपराधिक इतिहास रहा है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। बताया कि गिरोह का सरगना वकील उर्फ सेनापति के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 26 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। चांद मोहम्मद और रामू पर भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
अलग-अलग गांवों में की थी चोरी
थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि पूछताछ में वकील उर्फ सेनापति ने कई चोरी की घटनाओं की जानकारी दी। उसने बताया कि 15 मार्च को बाजारशुकुल के शिवसिंह गांव में, दो अप्रैल को पूरे भाले, बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में 21 मार्च, 23 मार्च को गेरावा और 29 मार्च को बाजारशुकुल के प्राथमिक स्कूल नीमपुर में चोरी की थी। चार मार्च को मोहनापूरब गांव से बाइक चोरी की बात भी स्वीकार की है। गिरोह के सदस्यों ने चोरी का कुछ सामान रामराज पांडेय नामक कबाड़ी को बेच दिया था, जबकि शेष बेचने के इरादे से सभी एकत्र हुए थे।