गौरीगंज(अमेठी)। परिषदीय व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अब एक नई व्यवस्था बनाई जा रही है। प्रार्थना सभा में एक शब्द-एक गतिविधि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नवागत बीएसए संजय तिवारी बुधवार को अचानक शहर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंच गए। स्कूल में नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति कम देख नाराजगी जाहिर करते हुए अभिभावकों से संपर्क कर नामांकित शतप्रतिशत बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए साफ-सफाई व स्कूल में मौजूद सुविधाओं की हकीकत भी देखी। कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए बीएसए स्मार्ट बोर्ड समेत अन्य उपकरणों से जुड़ी जानकारी हासिल की।
बालिकाओं से कंप्यूटर पर माइक्रोसाफ्ट वर्ड व पेंट समेत कई अन्य सवाल पूछ कर उनकी शैक्षिक क्षमता का आकलन किया।निरीक्षण के बाद बीएसए ने वार्डेन को प्रतिदिन प्रार्थना सभा में एक शब्द एक गतिविधि कार्यक्रम आयोजित करने के साथ बालिकाओं को कंप्यूटर शिक्षा के साथ अन्य विषयों में दक्ष करने का निर्देश दिया। आवासीय स्कूल में बालिकाओं की सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध रखते हुए सीसीटीवी कैमरा क्रियाशील रखने को कहा। जिला समन्वयक प्रशिक्षण अभिनव पांडेय समेत स्कूल की वार्डेन व सभी शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।