अमेठी सिटी। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर गुन्नौर मोड़ के पास सोमवार दोपहर दो एसयूवी की भिड़ंत के बाद मामला जानलेवा हमला और फायरिंग तक पहुंच गया। दोनों गाड़ियों पर सवार युवकों ने एक-दूसरे पर जानबूझकर गाड़ी भिड़ाने और गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेवादा निवासी अखिलेश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह एसयूवी से मुसाफिरखाना से लौट रहे थे, तभी गुन्नौर मोड़ से पहले एक बाइक सवार ने उन पर गोली चलाई। इसके बाद दूसरी एसयूवी सवार युवकों ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारने की कोशिश की। किसी तरह जान बचाकर वह कादूनाला चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अखिलेश ने कैमा निवासी विक्रम सिंह उर्फ विक्की सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
वहीं, दूसरी ओर विक्रम सिंह ने भी आरोप लगाया कि अखिलेश सिंह और उनके साथियों ने जान से मारने की नीयत से उनकी गाड़ी में टक्कर मारी और फायरिंग की। मामले में पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल विवेक कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो-दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाली जा रही है। फायरिंग की पुष्टि और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर निष्पक्ष जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।