अमेठी सिटी। आयुष विभाग के निर्माणाधीन चिकित्सालयों, उनके उच्चीकरण व संसाधनों की जांच संग उपचार को बेहतर बनाने के लिए सोमवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक हुई। डीएम ने आयुष अस्पतालों में दवाओं व संसाधनों की मौजूदगी सुनिश्चित करते हुए मरीजों का उपचार करने व निर्माणाधीन भवन का कार्य पूरा करवा हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
डीएम निशा अनंत ने जिला आयुष समिति की बैठक में उपलब्ध एवं व्यय धनराशि की समीक्षा की। समीक्षा के बाद डीएम ने आयुष विभाग के निर्माणाधीन चिकित्सालयों व उच्चीकरण व संसाधनों की बिंदुवार जानकारी जिम्मेदारों से ली। इसके बाद कहा कि अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर व प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर सैंपल एकत्रित करते हुए रजिस्टर व लाइसेंस की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें। सभी अस्पतालों में मरीजों के लिए समस्त मूलभूत सुविधाएं व दवाएं अनिवार्य रूप से रहें।
इस मौके पर आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में अंशकालिक योग प्रशिक्षक महिला के रिक्त पांच पदों पर नियमानुसार नियुक्ति करने का निर्देश दिया। बैठक में सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आयुष समिति के समस्त सदस्य एवं अन्य संबंधित मौजूद रहे।