अमेठी सिटी। सहालग व ईद के चलते ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली, मुंबई, पंजाब, गुजरात सहित अन्य बड़े महानगरों में गए लोगों को पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए ट्रेन का कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। तत्काल कोटे से टिकट बुक करवाने की कोशिश परवान नहीं चढ़ पा रही है।
ईद के साथ ही सहालग के चलते घर आने की भीड़ से ज्यादातर ट्रेनों में अभी से वेटिंग है। खासतौर पर दिल्ली, मुंबई से आने वाली ट्रेनें अभी से फुल हो गई हैं। वहीं कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से कुछ लोग घर आने की यात्रा का कार्यक्रम टाल रहे हैं। मुंबई के साथ ही दिल्ली व अन्य राज्यों से भी आने वाली ट्रेनों में अभी से यात्रियों को प्रतीक्षा सूची लंबी होती जा रही है। स्लीपर कोच के अलावा वातानुकूलित कोच की भी सीटें रिजर्व हो चुकी हैं।
स्लीपर कोच में 50 से 55 वेटिंग है तो 20 अप्रैल तक इस रूट में चलने वाली किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ व पद्मावत एक्सप्रेस के साथ मुंबई की इकलौती ट्रेन उद्योगनगरी में सर्वाधिक वेटिंग है।
तत्काल का टिकट पाने में भी चल रही मारामारी के कारण लोगों को यात्रा करना चुनौती बन गया है, लेकिन एक मिनट से कम समय में वेटिंग प्रदर्शित करने लगती है। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को किसी तरह साधारण कोच में धक्कामुक्की के बीच यात्रा करनी पड़ रही है।