अमेठी सिटी। मोहनगंज थाना क्षेत्र में तिलोई कस्बे से मोबाइल शॉप में हुई चोरी का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो भाइयों सहित तीन आरोपियों को दबोच कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए डेढ़ लाख रुपये कीमत के आठ मोबाइल बरामद किए हैं।
मोहनगंज पुलिस ने रविवार को बंद पड़े भट्ठे के पास से संदिग्ध हालात में तीन शातिरों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के पूरे मीरखान का पुरवा मजरे रस्तामऊ गांव निवासी सगे भाई मोहित व धर्मेद्र, इन्हौना थाने के बिझौरा मजरे आजादपुर निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
तलाशी में तीनों के पास से आठ स्मार्ट फोन बरामद हुए। इनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में बताया कि बरामद मोबाइल चोरी के हैं। तिलाेई कस्बे में संचालित आरके मोबाइल शॉप से मोबाइल चोरी किए गए थे। एसएचओ राकेश सिंह ने मोबाइल शॉप में हुई चोरी का खुलासा किया गया है। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।