मुसाफिरखाना (अमेठी)। कुल्लू मनाली रिश्तेदार के साथ गए थानाक्षेत्र के एक युवक का परिजनों से संपर्क नहीं हो रहा है। परेशान परिजनों ने पुलिस व अफसरों से मदद मांगते हुए खोजबीन की गुहार लगाई है। कोतवाली क्षेत्र के पूरे काजिम अली निवासी एजाज अहमद सात जुलाई को अयोध्या जिले के पिठला निवासी दस रिश्तेदारों के साथ कुल्लू मनाली के लिए गया था। एजाज से परिजनों की बात आठ जुलाई तक फोन पर बात हुई।
एजाज के साथ रिश्तेदार से संपर्क नहीं होने पर परिजन परेशान हैं। अब्दुल कादिर ने बताया कि अनुसार उनका पुत्र एजाज रिश्तेदारों के साथ सात जुलाई को कुल्लू मनाली के लिए निकला था। आठ जुलाई की रात लगभग साढ़े आठ बजे उनका मोबाइल पर संपर्क टूट गया। उस समय हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर मंडी थानाक्षेत्र में थे। जिसके बाद से सभी सदस्यों का मोबाइल बंद आने लगा। कुल्लू मनाली में उनका इंतजार कर रहे रिश्तेदार ने जब खोजबीन शुरू की तो मंडी पुलिस ने भूस्खलन की घटना होने की बात बताते हुए लापता लोगों की खोजबीन किये जाने की बात कही है।
बुधवार को पिता अब्दुल कादिर ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई है। परिजन और रिश्तेदार लापता सदस्यों की खोजबीन के प्रयास में लगे हुए हैं। दस दिन से लापता एजाज का सुराग न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।