बाजारशुकुल/शाहगढ़। गयासपुर गांव निवासी अमरजीत (40) की शुक्रवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वह 24 अप्रैल को ड्यूटी जाते समय सड़क हादसे में घायल हो गए थे। युवक की मौत से परिजन बेहाल हैं।
परिजनों के अनुसार अमरजीत साइकिल से जगदीशपुर स्थित बीएचईएल में ड्यूटी करने जा रहे थे। गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी साइकिल को चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया, जहां कई दिन तक उनका उपचार चला।
शुक्रवार को परिजन उन्हें घर लेकर आए थे। रात में अचानक तबीयत फिर खराब हो गई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। इससे पत्नी गीता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे अमित और आदित्य तथा बेटियां अमृता, अंकिता और अंशिका बिलख रही हैं। पिता श्यामलाल, भाई विनोद और मनोहर सहित अन्य परिजन गमगीन हैं। थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि हादसे के संबंध में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।