गौरीगंज (अमेठी)। जायस से रेल ट्रैक से होते हुए गौरीगंज पहुंचा बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला एक मजदूर परिवार दो दिन से यहां फंसा है। रेलवे कॉलोनी में रह रहे परिवार के मुखिया धिरण पासवान ने बताया कि वह एक ठेकेदार के माध्यम से करीब छह माह पूर्व परिवार समेत (पत्नी मीणा देवी व चार वर्षीय पुत्री रीना) जायस आया था।
लॉकडाउन होने के बाद ठेकेदार ने उसे काम से हटा दिया और बकाया वेतन भी नहीं दिया। कई दिन भूखे रहने के बाद शनिवार को वह प्रशासन की रोक-टोक से बचने के लिए रेल ट्रैक के सहारे बिहार के लिए निकला। रविवार को वह किसी तरह गौरीगंज पहुंचा। यहां उसे रेल कर्मियों ने भोजन कराया। धिरण ने बताया कि वह किसी तरह अपने घर पहुंचना चाहता है।