मुसाफिरखाना। पूरे पहलवान गांव में रविवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में ग्रामसभा के बच्चों और युवाओं की कुल आठ टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की श्रेणी में पूरे पहलवान और पूरे गुलजार की टीमों ने फाइनल मुकाबला खेला। शानदार खेल दिखाते हुए पूरे पहलवान की टीम विजेता बनी और पूरे गुलजार की टीम उपविजेता रही।
वहीं युवाओं की प्रतियोगिता में पूरे रामफल, पूरे गुदरी, पूरे पहलवान और शक्ति बाबा की टीम ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद पूरे रामफल और पूरे पहलवान की टीमें फाइनल में आमने-सामने हुईं। दीपेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पूरे रामफल की टीम ने रणनीति और दमखम से खेल दिखाते हुए पूरे पहलवान की टीम को चार अंकों से पछाड़ दिया।
इस जीत के साथ पूरे रामफल की टीम ने खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता टीमों को आयोजक मंडल अध्यक्ष अखिलेश पांडेय और पवन यादव ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मनोज मिश्रा, विश्वजीत पांडेय, रामनरेश यादव और निहाल सिंह आदि मौजूद रहे।