अमेठी। भेटुआ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राएं इंटर तक की पढ़ाई कर सकेंगी। विद्यालय में एकेडमिक भवन तैयार हो चुका है और कक्षा नौ का संचालन शुरू कर दिया गया है। शासन से स्वीकृत 7.10 लाख रुपये से शैक्षिक सामग्री की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विद्यालय में पढ़ाई और प्रयोगात्मक प्रशिक्षण दोनों के लिए अब पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
अब तक इस विद्यालय में केवल कक्षा छह से आठ तक की ही पढ़ाई होती थी। इसके बाद छात्राओं को आगे की शिक्षा के लिए अन्यत्र जाना पड़ता था। संसाधनों और दूरी के कारण अनेक बार पढ़ाई छूट जाती थी। अब इंटर तक पढ़ाई और आवासीय सुविधा एक ही परिसर में मिलने से छात्राओं को शिक्षा में ठहराव मिलेगा।
सत्र 2020-21 में शासन ने भेटुआ विद्यालय में 1.68 करोड़ रुपये की लागत से एकेडमिक भवन निर्माण की मंजूरी दी थी। छात्रावास पहले से ही बना हुआ था, लेकिन क्षेत्र में अन्य कोई इंटर स्तरीय विद्यालय न होने से आगे की शिक्षा में बाधा आती थी। अब नए शैक्षिक सत्र में कक्षा नौ की शुरुआत के साथ उच्च कक्षाओं के लिए भी आधार तैयार हो चुका है।
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि भेटुआ कस्तूरबा विद्यालय में शैक्षिक और भौतिक ढांचा तैयार है। नौवीं कक्षा का संचालन शुरू कर दिया गया है। सामग्री की खरीद पूरी हो चुकी है। स्थायी स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रगति पर है। जल्द ही इंटर कक्षा भी शुरू की जाएगी, जिससे छात्राएं सुरक्षित, निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
स्मार्ट कक्षाओं के लिए सामग्री खरीद पूरी
विद्यालय में विज्ञान की प्रयोगशालाएं (भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान), स्मार्ट क्लास रूम, गुणवत्ता युक्त फर्नीचर और डेस्क-बेंच की खरीद पूरी कर ली गई है। जैम पोर्टल से यह खरीद की गई है। छात्राओं को अब बेहतर तकनीकी और प्रयोगात्मक शिक्षा का अवसर मिलेगा।