अमेठी। भेटुआ के ग्राम बैसड़ा पूरे विशुनपटी में बृहस्पतिवार को पशुशाला की दीवार सीलन से गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर 11 भेड़ों की मौत हो गई। आठ भेड़ें घायल हो गईं।
गांव निवासी छोटेलाल पाल के मुताबिक उनकी पशुशाला की दीवार में बारिश से सीलन आ गई थी। सुबह अचानक दीवार गिर गई। दीवार के नीचे भेड़ें दब गईं। आवाज सुनकर एकत्र ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर भेड़ों को निकाला गया। जब तक मलबे से भेड़ें निकाली गईं, तब तक 11 की मौत हो गई। आठ भेड़ें घायल हो गईं। पशु चिकित्सक को बुलवाकर प्राथमिक उपचार करवाया जा रहा है।
पशु चिकित्सक की टीम ने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया। एसडीएम आशीष सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने पर पीड़ित को नियमानुसार सहायता दिलाई जाएगी।