फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: कच्चे मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबने से मां-बेटी की मौत

Sun, 07 Jun 2026 12:25 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 जामों के घाटमपुर गांव में पीड़ित ओम प्रकाश के घर की दीवार का पड़ा मलवा । स्रोत : ग्रामीण
विज्ञापन
जामों। पूरे परमेश्वरी मजरे घाटमपुर गांव में शनिवार सुबह कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर कमलेश कुमारी (35) और उनकी बेटी आशी (6) की मौत हो गई, जबकि बेटा दीपांशु (4) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज तिलोई में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन



गांव निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी कमलेश कुमारी बेटी आशी और बेटा दीपांशु के साथ टिनशेड के नीचे सो रही थी। गर्मी अधिक होने के कारण परिवार कमरे के बजाय बाहर लेटा था। तड़के अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और तीनों मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश कुमारीऔर आशी को मृत घोषित कर दिया।


गंभीर रूप से घायल दीपांशु को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। ओमप्रकाश ने बताया कि वह पशुशाला के पास चारपाई पर सो रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनकर नींद खुल गई। कमलेश कुमारी और आशी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल दीपांशु अस्पताल में भर्ती है। ओमप्रकाश बार-बार पत्नी और बेटी को याद कर फफक पड़ते हैं। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है।
विज्ञापन






परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता
एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि दैवीय आपदा के तहत परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। मां और बेटी की मौत पर नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। घायल बच्चे के इलाज का खर्च भी नियमानुसार दिया जाएगा।


स्मृति इरानी ने जताया शोक
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला को गांव भेजकर पीड़ित परिवार का हालचाल लेने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



वर्ष 2023 में मिला था प्रधानमंत्री आवास
परिजनों के अनुसार कमलेश के नाम वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। आवास का निर्माण हो चुका था, लेकिन सामने का हिस्सा कच्चा था। परिवार गर्मी के कारण उसी हिस्से के सामने बने टिनशेड के नीचे सो रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें