जगदीशपुर (अमेठी)। भाले सुल्तान शहीद स्मारक के एक गांव की महिला को प्रधान के भाई ने आवास दिलाने का प्रलोभन देकर सीवान स्थित ट्यूबवेल पर बुलाया और दुष्कर्म किया। घटना के तीन माह बाद पीड़िता ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर मामले की सूचना को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
महिला के मुताबिक मई में ग्राम प्रधान का भाई अफसार उनके घर पहुंचा और आवास अनुदान का लाभ दिलाने की बात कही। कहा कि आवास अनुदान के लिए आवेदन करना होगा। आधारकार्ड व बैंक पासबुक लेकर उनके ट्यूबवेल पर दोपहर में आ जाएं। आवास मिलने की आशा में वह प्रधान के भाई के ट्यूबवेल पर पहुंची तो एकांत पाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। लोकलाज के भय से उन्हाेंने मामले की जानकारी किसी को नहीं दी। एसओ तनुज पाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।