अमेठी। पूर्व विधायक तेजभान सिंह की अस्थि कलश यात्रा बृहस्पतिवार को उनके पैतृक गांव अचलपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अस्थि कलश यात्रा अचलपुर से शुरू होकर गोपालपुर, हरगांव, जोरावरपुर, बहादुरपुर, जामो, गौरीगंज और अमेठी होते हुए प्रयागराज के लिए रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय लोग शामिल रहे। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अस्थि कलश का स्वागत कर पुष्पांजलि अर्पित की।
गौरीगंज में कांग्रेस नेता अपूर्व पांडेय ने श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा में गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने तेजभान सिंह के जनसंपर्क, सहज व्यवहार और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।
यात्रा के दौरान कई स्थानों पर कुछ देर रुककर लोगों ने मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अमेठी में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने श्रद्धांजलि दी। प्रयागराज में गंगा में अस्थि विसर्जन के साथ अस्थि कलश यात्रा का समापन होगा।