अमेठी के नुवावा सैदापुर में खड़ंजा लगाते ग्रामीण।-संवा
अमेठी। जर्जर सड़क से त्रस्त सैदापुर नुवावां गांव के लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने खुद चंदा एकत्र कर खड़ंजा निर्माण की शुरुआत की। प्रदर्शन में रज्जाक अली, राजेश, शिवम मिश्रा, अफजल खान, मेहंदी हसन, अमित मिश्रा, सुनील मिश्रा, बृजेश सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते पांच वर्षों से सड़क की हालत बदतर है। बरसात में कीचड़ और गड्ढों की वजह से आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं तक के लिए यह रास्ता खतरे से खाली नहीं है। कई बार मरीजों को चारपाई या कंधे के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ा है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्या को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर जिला अफसरों तक गुहार लगाई गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला।
अब लोगों ने खुद चंदा एकत्र कर खड़ंजा लगाने का काम शुरू कर दिया है। एसडीएम आशीष सिंह ने बताया कि गांव से इस तरह की जानकारी अब तक नहीं मिली थी। टीम भेजकर स्थिति की जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों से संवाद कर समाधान की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।