अमेठी। ठंड व कोहरे में रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। पहले से ट्रैक की तीन जोड़ी ट्रेन निरस्त करने के बाद अब अलग-अलग तारीखों में मरुधर एक्सप्रेस ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन निरस्त होने के बाद आरक्षित के साथ साधारण टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी होगी।
मरुधर एक्सप्रेस अमेठी को राजस्थान प्रांत के कई शहर को जोड़ने वाली एक मात्र ट्रेन है। यह ट्रेन हर बृहस्पतिवार वाराणसी से चलकर अमेठी व गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव के साथ लखनऊ, कानपुर, आगरा, भरतपुर, जयपुर समेत अन्य स्टेशनों पर ठहराव के बाद शुक्रवार को जोधपुर पहुंचती है।
जयपुर मंडल के खातीपुर में रीमॉडलिंग कार्य पूरा करने के लिए विभाग ने ब्लॉक जारी किया है। ब्लॉक जारी होने के बाद वाराणसी-जोधपुर एक्सप्रेस को 12 व 19 जनवरी को निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह जोधपुर-वाराणसी एक्सप्रेस को 11 व 18 जनवरी को संचालन निरस्त कर दिया है।
विभाग की ओर से ट्रेन निरस्त होने की सूचना सार्वजनिक हुई तो ठंड में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पहले टिकट बुक करा चुके यात्री टिकट निरस्त कराने के साथ नई तिथि का आरक्षण कराने में जुटे हैं। साधारण टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ेगी।