फुरसतगंज के नहर कोठी चौराहे के पास घने कोहरे के बीच निकलते वाहन। -संवाद
अमेठी सिटी। गलनभरी ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को सुबह से ही सर्द पछुआ हवा के चलते गलन बनी रही। ठंडी हवा ने लोगों को दिनभर ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह घरों से बाहर निकलना कठिन हो गया। जरूरी काम से निकले लोग भी ठंड से बचने के उपाय तलाशते नजर आए। दिन की शुरुआत कंपकंपी के साथ हुई, जिससे सड़कों और बाजारों में चहल-पहल कम रही।
दोपहर करीब एक बजे धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवा के कारण धूप भी राहत नहीं दे सकी। चार बजे के बाद चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा ने गलन और बढ़ा दी। इससे बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज किया गया। सुबह, शाम और रात में तापमान गिरने से ठंड का असर लगातार बना रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार अगले दो दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। तापमान में और गिरावट के साथ कोहरा और बादलों की आवाजाही बनी रहने के आसार हैं।
कड़ाके की ठंड और गलन से खेती-किसानी भी प्रभावित हुई है। सुबह और शाम खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। किसानों के अनुसार लंबे समय तक गलन बने रहने से आलू में पाला लगने की आशंका बढ़ गई है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। हालांकि, ठंड गेहूं की फसल के लिए अनुकूल मानी जा रही है।