संग्रामपुर के कालिकन धाम स्थित तालाब में गर्मी से बचाव के लिए नहाते लोग। स्रोत-संवाद
दोपहर में बाजार व सड़काें में पसरा सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। जेठ माह में लगातार पारा घट व बढ़ रहा है। रविवार से पारा एक डिग्री कम तो रहा लेकिन उमसभरी गर्मी ने लोगों को रुलाया। सुबह से ही सूरज के तल्ख तेवर शुरू हो गए। दोपहर में इंसान, पशु और पक्षी पेड़ों की छांव में बैठे नजर आए। चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी से हर कोई बेचैन नजर आया।
मई माह में आसमान से बरसती आग और उमस भरी गर्मी के बीच तापमान में लगातार घट व बढ़ रहा है। हालांकि सोमवार को रविवार की अपेक्षा अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट रही। लेकिन उमसभरी गर्मी के बीच सुबह से ही सूरज की तपिश बेहाल करने लगी। गर्मी के प्रचंड तेवर देख लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। मजबूरन जिन्हें बाहर निकलना पड़ा वे लोग बदन झुलसा देने वाली तपिश से बुरी तरह बेचैन हो उठे। राहत के लिए लोग छांव तलाशते दिखे। उसमभरी गर्मी से लोग पसीने से तरबतर रहे। प्रचंड गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा। दोपहर में बाजार व सड़कें सूनी हो गईं। बाजार में ग्राहक बहुत कम नजर आए और लोग छांव की तलाश करते नजर आए। जो लोग जरूरी काम से घर से बाहर निकले, वे सिर व मुंह पर कपड़ा बांधकर जाते हुए दिखाई दिए। गला सूखने पर राहगीरों ने शीतल पेय पदार्थों का सेवन किया। वहीं, घरों व दफ्तरों में उमस भरी गर्मी ने चैन छीन लिया। आलम यह रहा कि न दिन में सुकून मिल रहा न रात को। पंखे-कूलर भी उमस भरी गर्मी से बेचैन लोगों को राहत नही पहुंचा पा रहे हैं।
सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तो वही न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए करीब दर्जन भर से अधिक युवा कार्यक्रम धाम स्थित सगरा कुंड में पीपल के वृक्ष के नीचे स्थित छायादार पानी में नहाते दिखे। मौसम वैज्ञानिक डाॅ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे मौसम शुष्क बने रहने एवं हवा सामान्य गति से पश्चिमी/पूर्वी चलने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है जिससे अभी तेज गर्मी से राहत के आसार नहीं है।