फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: धूप ने दिखाए तेवर, उमस ने भी बढ़ाई मुश्किल

Fri, 26 Jun 2026 12:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जून के अंतिम सप्ताह में तेज धूप और बढ़ी उमस ने जिले में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से दोपहर के समय बाजारों की चहल-पहल कम हो गई। लोग जरूरी काम सुबह और शाम के समय निपटा रहे हैं। घरों के भीतर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। चिपचिपी उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। दोपहर बाद गौरीगंज समेत जिले के कई क्षेत्रों में करीब पांच मिनट तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। हालांकि बारिश से गर्मी से खास राहत नहीं मिली, बल्कि बारिश थमने के बाद उमस और बढ़ गई।
विज्ञापन




दोपहर 12:20 बजे गौरीगंज का चौक बाजार बदले मौसम का असर दिखाता नजर आया। सामान्य दिनों में व्यस्त रहने वाली मुख्य सड़क पर आवाजाही कम रही। कई दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते बैठे मिले। लोग सिर पर गमछा, दुपट्टा या छाता रखकर जरूरी सामान खरीदने पहुंचे और बिना रुके लौट गए। फुटपाथ और ठेला दुकानदार छांव तलाशते रहे।

मवेशी पेड़ों की छाया में बैठे रहे, जबकि पक्षी सार्वजनिक स्थानों पर रखे पानी के बर्तनों के आसपास मंडराते दिखाई दिए। कपड़ा व्यापारी विनोद गुप्ता ने बताया कि दोपहर में ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है। फल विक्रेता रियाज अहमद ने कहा कि लोग जल्दी खरीदारी कर लौट जा रहे हैं। गृहिणी सीमा देवी ने बताया कि घरों में भी पंखों से गर्म हवा मिल रही है। खरीदारी करने पहुंचे संतोष कुमार ने कहा कि कुछ मिनट धूप में रहने पर ही तेज पसीना आने लगता है।
विज्ञापन


बढ़े डिहाइड्रेशन के मरीज
जिला अस्पताल और सीएचसी में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, वायरल बुखार, चक्कर और त्वचा संक्रमण के मरीज बढ़ रहे हैं। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने पर्याप्त पानी, ओआरएस और हल्का भोजन लेने तथा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
धान की रोपाई पर मौसम की मार
कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि बारिश में देरी से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। किसान नर्सरी में पर्याप्त नमी बनाए रखें तथा पशुओं के लिए पानी और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
अगले 24 घंटे भी नहीं मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन वर्षा की संभावना नहीं है। सामान्य से अधिक तापमान रहने से लू जैसी स्थिति बनी रहने के आसार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें