अमेठी सिटी। दो रेलवे अंडरपास निर्माण के कारण लखनऊ-रायबरेली रेलमार्ग पर रविवार को ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लागू किया गया। सुबह 11 से शाम 5:10 बजे तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव भी किया गया जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।
रेलवे ने वाराणसी-देहरादून जनता मेल, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और भटिंडा-वाराणसी स्पेशल जैसी छह ट्रेनों को सुल्तानपुर मार्ग से डायवर्ट कर दिया। पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। गौरीगंज, अमेठी और जायस स्टेशनों पर यात्री प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार करते रहे।
यात्री प्रदीप सिंह ने बताया कि वे नीलांचल एक्सप्रेस से पुरी जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन के डायवर्ट होने की जानकारी स्टेशन पर ही मिली। अब वे प्रतापगढ़ जाकर यात्रा करेंगे। राम प्रकाश वर्मा ने बताया कि उन्होंने जनता एक्सप्रेस में आरक्षण कराया था, लेकिन ट्रेन रायबरेली मार्ग से न होकर सुल्तानपुर भेज दी गई, जिससे उन्हें लखनऊ जाना पड़ा।
यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी सूचना
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलमार्ग के कनकहा-निगोहां, बछरावां-कुंदनगंज खंड और कनकहा स्टेशन पर अंडरपास निर्माण के लिए रेलवे ट्रैक के नीचे बॉक्स डाले जा रहे हैं। इससे यात्री प्रभावित न हों, इसके लिए पहले ही अनाउंसमेंट कर जानकारी दे दी गई थी और ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया गया।
प्रवीण सिंह, स्टेशन अधीक्षक