जगदीशपुर। लखनऊ-सुल्तानपुर रेलखंड पर निहालगढ़ स्टेशन के पास पूरे शोहरत रेलवे क्रॉसिंग शनिवार को सुबह 10:45 से दोपहर 2:45 बजे तक रेल ट्रैक की मरम्मत के लिए बंद रही। इससे आसपास के गांवों के लोगों, किसानों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को पांच से आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। कई लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में भी परेशानी हुई।
पूरे शोहरत निवासी राजेश यादव ने बताया कि बाजार जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ा। रामऔतार ने कहा कि खेत तक पहुंचने में काफी समय लग गया। छात्र शुभम सिंह ने बताया कि क्रॉसिंग बंद होने से कोचिंग पहुंचने में देरी हुई। व्यापारी मोहम्मद आरिफ ने कहा कि अतिरिक्त दूरी तय करने से समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हुई।
ट्रैक मरम्मत कार्य के तहत शनिवार को चार घंटे का ब्लॉक लेकर पटरियों की मरम्मत और अन्य तकनीकी कार्य किए गए। स्टेशन अधीक्षक निहालगढ़ लाल मीणा ने बताया कि ब्लॉक लेकर रेल ट्रैक की मरम्मत और आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा किया गया। कार्य समाप्त होने के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन बहाल कर दिया गया।