अमेठी सिटी। गौरीगंज होकर प्रतिदिन अप व डाउन में संचालित पंजाब मेल के यात्रियों के लिए तीन दिन परेशानी भरे साबित होंगे। मुरादाबाद मंडल के मसीत रेलवे स्टेशन पर नाॅन इंटरलाॅकिग कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने तीन दिन इस ट्रेन काे निरस्त कर दिया। ट्रेन निरस्त होने के बाद आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले लोग टिकट निरस्त करवाते हुए मजबूरी में यात्रा स्थगित कर रहे हैं।
दिसंबर में पड़ रही ठंड के बीच रेल यात्रियों को परेशानी बढ़ती जा रही है। मुरादाबाद मंडल के मसीत रेलवे स्टेशन पर नाॅन इंटरलाॅकिग कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने अमृतसर से हावड़ा के बीच संचालित डाउन पंजाब मेल को 21 से 23 दिसंबर तो हावड़ा-अमृतसर अप पंजाब मेल को 19 से 21 दिसंबर को निरस्त कर दिया है। ट्रेन निरस्त होने की सूचना सार्वजनिक होने के बाद पहले से आरक्षित टिकट बुक करवा चुके यात्री परेशान हैं।
लोग अपना टिकट निरस्त करवाने के साथ अगली तिथि का टिकट बुक करवाने में जुटे हैं। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि पंजाब मेल के निरस्त होने की सूचना प्रसारित की जा रही है। आरक्षित टिकट निरस्त करवाने में कोई कटौती नहीं होगी। निरस्तीकरण तिथि को छोड़कर अन्य दिन ट्रेन अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी।