अमेठी सिटी। मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर सोमवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस दौरान 13 फरवरी को तिलोई विधानसभा क्षेत्र में 15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा के लिए रणनीति बनाई गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान के तहत गांव-गांव जाकर मनरेगा की स्थिति पर जनजागरूकता फैलाई जाएगी। कहा कि पदयात्रा के दौरान ग्राम पंचायतों में चौपाल, बाजार में नुक्कड़ सभाएं और जिला व तहसील मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पदयात्रा तिलोई विधानसभा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अहोरवा भवानी से शुरू होकर शिव रिसॉर्ट पन्हौना, जयनगरा, फत्तेपुर, इस्लामगंज होते हुए मऊ मेडिकल कॉलेज के मार्ग से तिलोई पहुंचेगी। मोहनगंज में इसका समापन होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर कर रही है। पार्टी इस मुद्दे पर जन-जन की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। बैठक में मनरेगा प्रभारी रामलखन शुक्ल, प्रवक्ता अनिल सिंह, महिला जिलाध्यक्ष ममता पांडेय, शुभम सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष सुमित तिवारी आदि मौजूद रहे।