अमेठी सिटी। बारिश के साथ बच्चों में पेट संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। दूषित पानी, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ और जंक फूड के सेवन से पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायतें बढ़ी हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1,380 मरीज पहुंचे। इनमें 150 पेट दर्द और 536 बुखार से पीड़ित थे। बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावकों की भीड़ से ओपीडी में काफी चहल-पहल रही।
सुबह 11:20 बजे पंजीकरण काउंटर से चिकित्सकों के कक्ष तक मरीज अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कई अभिभावक बच्चों को गोद में लेकर खड़े थे। रमेश ने बताया कि उनके बच्चे को दो दिन से पेट दर्द और दस्त हैं। सुनीता के बच्चे को उल्टी के साथ बुखार है। अजय ने बताया कि मौसम बदलने के बाद बच्चे को पेट दर्द और कमजोरी होने लगी। गीता ने बताया कि दस्त होने पर बच्चे को ओआरएस दिया, लेकिन आराम न मिलने पर अस्पताल लेकर आईं। पंजीकृत मरीजों में 100 जुकाम-खांसी, 80 हड्डी रोग और 70 आंखों की बीमारी के मरीज भी शामिल रहे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उज-जमा ने बताया कि बारिश के मौसम में बच्चों में पेट संक्रमण, दस्त, उल्टी और बुखार की समस्या बढ़ सकती है। बच्चों को साफ पानी और ताजा, हल्का भोजन देना चाहिए। दस्त या उल्टी होने पर ओआरएस और पर्याप्त तरल पदार्थ देना जरूरी है।
अस्पताल में जरूरी दवाएं उपलब्ध
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि मौसम बदलने से मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओपीडी का समय बढ़ाया गया है। लोगों को चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा लेने और बचाव के नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।