अमेठी सिटी। फुरसतगंज के पीढ़ी मजरे चेतनगर में 30 अक्तूबर को नाले के पास मिली नवजात बच्ची की हालत में सुधार होने पर उसे लखनऊ शिशु गृह भेज दिया गया। पीढ़ी निवासी श्रीकृष्ण की सूचना पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
नौ दिनों तक बालरोग विशेषज्ञ डॉ. लईक उज जमा की देखरेख में नवजात का इलाज किया गया। चिकित्सक ने बताया कि नवजात पूरी तरह से स्वस्थ है। शनिवार को चिकित्सकों ने बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव के सिपुर्द किया। इसके बाद गौरव श्रीवास्तव, रुचि सिंह और महिला आरक्षी रितु नवजात बच्ची को लेकर लखनऊ स्थित शिशु गृह गए और उसे वहीं संरक्षित कराया गया। (संवाद)