अमेठी सिटी। संग्रामपुर के ठेंगहा करनाईपुर-धोए संपर्क मार्ग से रोजाना आवागमन करने वाले करीब 40 हजार लोगों को जर्जर सड़क से हो रही परेशानी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लगभग दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग के नवनिर्माण प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। 30.44 लाख रुपये की लागत से मार्ग दुरुस्त कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण दो पहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से फिसलन बढ़ जाती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस मार्ग से होकर गुजरना जोखिम भरा हो जाता है।
इस संपर्क मार्ग से बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बाजार तक पहुंचाते हैं। खराब सड़क के कारण वाहनों की गति धीमी रहती है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को भी रोजाना देरी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की गई लेकिन समाधान नहीं निकल सका। अब समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया गया है।
दो माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
एक्सईएन शैलेंद्र कुमार के अनुसार ठेंगहा करनाईपुर-धोए संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए कार्यदायी संस्था को नामित कर दिया गया है। निर्माण कार्य दो माह में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क बन जाने के बाद क्षेत्र के करीब 40 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों का आपसी संपर्क बेहतर होगा।