मुसाफिरखाना (अमेठी)। रामरायपुर के मजरा पलिया चांदपुर गांव में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाश दो घरों से 70 हजार रुपये और करीब चार लाख के आभूषण उठा ले गए। गांव में ही एक अन्य ग्रामीण के घर से भी 2500 रुपये चोरी किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पीड़ित की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। 48 घंटे के भीतर दूसरी वारदात होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
पलिया चांदपुर गांव निवासी चंद्रप्रकाश मौर्य ने बताया कि चोर छत से होकर उनके घर में घुसे। रात में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। किसी को चोरों की भनक नहीं लगी। चोर घर से सोने की चेन, पायल, बिछिया, अंगूठियां, करधन, झुमकी, चांदी के गहने और 35 हजार रुपये लेकर निकल गए। इसके बाद चोर पड़ोसी रवींद्र मौर्य के घर पहुंचे। कमरे में रवींद्र की बेटी सो रही थी।
चोरों की आहट सुनकर उसकी नींद खुल गई, जिस पर बदमाशों ने उसे असलहा दिखाकर धमकाया और अलमारी की चाबी ले ली। उनके घर से सोने का हार, चेन, अंगूठियां, पायल, बिछिया और 35 हजार रुपये समेटकर बदमाश भाग निकले। ग्रामीणों ने बताया कि एक अन्य घर से भी 2500 रुपये निकालकर पर्स छत पर फेंक दिया गया, लेकिन पीड़ित ने शिकायत नहीं की।
सोमवार को भी मठाभुसुंडा गांव में दो घरों से नकदी और जेवर चोरी हुए थे। उस वारदात का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। 48 घंटे के भीतर चोरों ने फिर वारदात को अंजाम दिया। इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि चंद्र प्रकाश मौर्य की तहरीर पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।