अमेठी सिटी। एक युवक पर कार सवार बदमाशों ने गांव के पास लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। युवक की चीख-पुकार पर एकत्र ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि दो अन्य कार सहित मौके से भाग निकले। पकड़े गए बदमाश के पास पिस्तौल व कारतूस देख भड़के ग्रामीणों ने उसे पेड़ में बांध कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सरायखेमा गांव निवासी जवाहरलाल जायसवाल व राजू जायसवाल गुजरात के सूरत में लाई-चना का व्यवसाय करते हैं। दोनों के बीच व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता चलती है। सोमवार को जवाहरलाल सूरत से घर आया था। मंगलवार शाम गांव के बाहर जवाहरलाल पर कार सवार तीन हमलावरों ने लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। चीख-पुकार पर आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दो अन्य कार से भाग निकले।
जानकारी पर पहुंची पुलिस आरोपी को ग्रामीणों के चुंगल से छुड़ाते हुए थाने ले आई। पिटाई के बाद पहले जवाहर लाल ने फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। लेकिन पुलिस के मुताबिक तहरीर में फायरिंग का आरोप नहीं लगाया गया। पीड़ित ने जंगलरामनगर निवासी शुभम कोरी सहित दो अज्ञात पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता विवाद में राजू के कहने पर उस पर हमला किया गया है। एसएचओ शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच कर रहे हैं।