गौरीगंज में शहर में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल पुलिस कर्मी। स्त्रोत : मीडिया सेल
अमेठी सिटी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम उत्साह और जोश के साथ आयोजित हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों ने एक साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का संदेश दिया। परिषदीय स्कूलों व इंटर कॉलेजों में शपथ ग्रहण के साथ निबंध, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं भी हुईं।
गौरीगंज स्थित नवीन पुलिस लाइन से सुबह कार्यक्रम की शुरुआत हुई। डीएम संजय चौहान और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। यह दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर सैठा फ्लाईओवर तक निकली। पुलिसकर्मियों, रिक्रूट आरक्षियों, महिला थाना, थाना गौरीगंज, साइबर सेल और पुलिस कार्यालय की टीमों ने भाग लिया। डीएम ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता का प्रतीक है।
एसपी ने कहा कि पुलिस बल अनुशासन और एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने गलियों में दौड़ लगाकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया। सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों में भी आयोजन हुए। सरदार पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया गया।