अमेठी। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर छिड़ा विवाद बृहस्पतिवार को भी नहीं थमा। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट सदाशिव पांडेय की अगुवाई में अधिवक्ताओं के एक गुट का विरोध दूसरे दिन भी जारी रहा। इसके चलते बार सभागार में लगा ताला दूसरे दिन भी नहीं खुला। हालांकि, एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन ने आक्रोशित अधिवक्ताओं को शांत कराने की भरसक कोशिश की।
बुधवार देर शाम सदाशिव पांडेय ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए सभागार में ताला बंद करा दिया था। उनके समर्थन में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूम घूमकर नारेबाजी की थी। बृहस्पतिवार को भी वह अपने समर्थक अधिवक्ताओं के साथ तहसील परिसर में डटे रहे। उन्होंने कहा कि सील तभी खुलेगी, जब दोबारा मतगणना होगी। इस चुनाव में जमकर धांधली हुई है और दो वोटों का अंतर केवल हेराफेरी से बनाया गया है।
विवाद बढ़ता देख एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट दया शंकर शुक्ल ने हस्तक्षेप किया और अपने लेटर पैड पर लिखित मुहर लगाकर बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि सदाशिव पांडेय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। कुल 145 बैलेट उन्हें दिखाकर और गिनकर जब वह स्वयं संतुष्ट होंगे, तभी शपथ दिलाई जाएगी। उसके पहले किसी को शपथ नहीं दिलाई जाएगी। इसके बावजूद सदाशिव पांडेय विरोध के रुख पर कायम बने हैं। मंगलवार को हुए चुनाव में दिनेश सिंह ने दो वोटों के अंतर से लगातार छठवीं बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। उन्हें 73 वोट मिले थे, जबकि सदाशिव पांडेय को 71 वोट प्राप्त हुए थे।