अमेठी सिटी/सिंहपुर। एक पेड़ मां के नाम 2.0 थीम पर आधारित पौधरोपण महाअभियान 2025 का शुभारंभ बुधवार को विकासखंड सिंहपुर के रतवलिया मंझार वन भूमि से हुआ। वृहद स्तर पर शुरू हुए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वन विभाग का दावा है कि 45 लाख 50 हजार पौधे रोपे गए।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया और बच्चों को आम के पौध वितरित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम भावी पीढ़ियों की सुरक्षा से जुड़ा है। नोडल अधिकारी राजेश कुमार ने पौध संरक्षण को प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। जिलाधिकारी संजय चौहान व प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि जनपद में 28 विभागों की ओर से 45.50 लाख पौधे रोपे गए। पुलिस लाइन परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह और सीओ अखिलेश वर्मा ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम के बाद सभी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने विशेष सेल्फी बूथ पर फोटो खिंचवाकर पौध संरक्षण का संकल्प लिया।
खोदे गड्ढे, रोप दिए पौधे
तिलोई (अमेठी)। बधौना ग्रामसभा की पांच हेक्टेयर भूमि पर 12,500 गड्ढे खोदकर लगभग छह हजार पौध एक ही दिन में रोप दिए गए। इस त्वरित प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त तैयारी और नमी के पौधों का जीवित रह पाना मुश्किल है।
पंचायत स्तर पर रोपे गए पौधे
बाजार शुकुल (अमेठी)। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण हुआ। बीडीओ अंजली सरोज ने शुभारंभ कर लोगों से पौध संरक्षण की अपील की। कार्यक्रम में प्रधान, सचिव, आशा, आंगनबाड़ी, महिला समूह व बच्चे सम्मिलित रहे।
स्कूली बच्चों ने लिया संकल्प
जगदीशपुर (अमेठी)। क्राइस्ट द किंग स्कूल में थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बच्चों संग पौधे लगाए। विद्यालय प्राचार्य फादर स्टीफन ने पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
सीआरपीएफ ने लगाए 15 हजार पौधे
भादर (अमेठी)। सीआरपीएफ त्रिसुंडी केंद्र में डीआईजी मदन कुमार ने पौधरोपण कर अभियान शुरू किया। बरगद, शीशम, नीम, महुआ व अन्य प्रजातियों के 15 हजार पौध रोपे गए। सभी जवानों ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
तालाब व अस्पताल परिसर में हरियाली
संग्रामपुर (अमेठी)। भवसिंहपुर, भिटहरी सहजीपुर, मड़ियावां ड्रेन, बड़गांव व कसारा गांव सहित क्षेत्र में 66 हजार पौधे लगाए गए। बीडीओ ने तालाब किनारे, वहीं डॉ. संतोष सिंह ने सीएचसी परिसर में पौधे लगाए।
औषधीय पौधे लगाकर जागरूकता
कमरौली (अमेठी)। कठौरा स्थित सेल इकाई परिसर में सीआईएसएफ जवानों ने सहायक कमांडेंट शिवपाल खटीक और रवि वंजारे के नेतृत्व में सैकड़ों औषधीय पौध लगाए। सभी ने संरक्षण की जिम्मेदारी ली।
नौनिहालों ने भी दिखाई जिम्मेदारी
अमेठी। राजर्षि रणंजय सिंह ग्लोबल स्कूल के बच्चों ने पौध लगाकर हरियाली लाओ, देश बचाओ का संदेश दिया। शिक्षक अभिजीत त्रिपाठी ने बच्चों को पर्यावरण जागरूकता से जोड़ा।